
Rahul Gandhi : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर बुधवार को पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत एकजुट है और नफरत एवं डर के सामने कभी नहीं झुकेगा।
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आतंकवाद के हर कृत्य के खिलाफ भारत दृढ़ एवं एकजुट है। पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले वर्ष आज ही के दिन जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इनमें अधिकांश पर्यटक थे।
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”पहलगाम में पिछले वर्ष हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में शहीद हुए सभी वीरों को मैं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत उनका बलिदान और उनके परिवारों की पीड़ा को न कभी भूलेगा, और न ही इस कायराना कृत्य के दोषियों को कभी माफ करेगा।”

