
Delhi Murder Case : नई दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की घर के अंदर हत्या कर दी गई। पुलिस को इस वारदात में घर के पूर्व नौकर राहुल पर शक है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मृतका घटना के समय घर में अकेली थी। परिवार के लोगों ने उसे संदिग्ध हालत में पाया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या से पहले युवती के साथ यौन उत्पीड़न किया गया और बाद में मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राहुल करीब एक महीने पहले इसी घर में काम करता था, लेकिन उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। पुलिस को शक है कि उसने घर में घुसने के लिए अतिरिक्त चाबी का इस्तेमाल किया, क्योंकि जबरन प्रवेश के कोई निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस जब आरोपी के अलवर स्थित घर पहुंची, तो पता चला कि वह पहले भी छेड़छाड़ के एक मामले में शामिल रह चुका है। जानकारी के मुताबिक, वह घटना से एक रात पहले ही अलवर से दिल्ली पहुंचा था।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

