
डेस्क: पुणे के कोंढवा इलाके से बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां लंबे समय से बंद पड़े एक जल शोधन संयंत्र में अचानक क्लोरीन गैस का रिसाव होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, इस जहरीली गैस की चपेट में आने से दो दमकलकर्मियों समेत कुल 24 लोग सांस लेने में तकलीफ महसूस करने लगे। सभी को तुरंत नजदीकी ससून जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। दमकल विभाग के अधिकारी सुनील नाइकनावारे ने मीडिया को बताया कि बुधवार-गुरुवार की देर रात पुराने जल शोधन संयंत्र के गोदाम में रखे क्लोरीन टैंक से अचानक रिसाव शुरू हो गया। धीरे-धीरे टैंक से गैस बाहर फैलने लगी, जिससे आसपास का माहौल खतरनाक हो गया।
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत इलाके को खाली कराया गया। गैस के फैलाव को रोकने के लिए टीम ने टैंक को पैच लगाकर रिसाव बंद करने की कोशिश की। इसी दौरान राहत कार्य में जुटे दो दमकलकर्मी भी इस जहरीली गैस की चपेट में आ गए।

