
Ranchi Theft Case: राजधानी रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित डोरिया टोली में हुई चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, चोरों ने घर में घुसकर करीब 90 ग्राम सोने का बिस्किट, एक लैपटॉप, दो इंडियन गैस सिलेंडर, 1.05 लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक टीवीएस स्कूटी की चोरी की थी।
इस केस में सबसे अहम सुराग Dial 112 पर दर्ज एक शिकायत से मिला। जांच के दौरान मामला तब दिलचस्प मोड़ पर पहुंचा, जब एक आरोपी के पिता ने ही अपने बेटे के खिलाफ पुलिस को सूचना दी।
पिता ने बताया कि उनके बेटे के पास अचानक बड़ी रकम आ गई है, लेकिन वह पैसे देने से इनकार कर रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध से पूछताछ की, जिसमें पूरे चोरी कांड का खुलासा हो गया।
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

