
Bokaro Police News: बोकारो जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक नाथु सिंह मीणा ने शुक्रवार को बोकारो थर्मल सहित कई थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पेक नारायणपुर, नावाडीह और कथारा ओपी थाना का भी दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों, सीरिस्ता कार्यों और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा भी की।
एसपी मीणा ने कहा कि आम लोगों के सहयोग से जिले में नक्सल समस्या काफी हद तक कम हो चुकी है और यह अब समाप्ति की ओर है। उन्होंने नक्सलवाद और अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए जनता से सहयोग की अपील की।
इसके साथ ही उन्होंने सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने पर जोर दिया और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पिंकु कुमार यादव, कथारा ओपी प्रभारी, पेक नारायणपुर थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

