
रांची : झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों और जनसेवा के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय अम्बेडकर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान मजदूर दिवस के अवसर पर शनिवार को उनके रांची स्थित आवास पर आयोजित एक सादे समारोह में प्रदान किया गया।
यह सम्मान बहुजन साहित्य अकादमी की ओर से दिया गया, जिसे अकादमी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कई लिम्का बुक रिकॉर्ड धारक अनिल बांसफोर ने स्वयं उनके आवास पहुंचकर सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि 15 मार्च 2026 को आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित जीएसकेआर भवन, बैरागीपट्टेदा में आयोजित बहुजन साहित्य अकादमी के 18वें राष्ट्रीय सम्मेलन में बाबूलाल मरांडी को इस सम्मान के लिए चुना गया था।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार हर वर्ष उन व्यक्तित्वों को दिया जाता है, जो समाज के दलित, गरीब और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य करते हैं। बाबूलाल मरांडी को उनके लंबे समय से जारी सामाजिक योगदान और जनहित के कार्यों के लिए इस सम्मान से नवाजा गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद बाबूलाल मरांडी ने इसे समाज के गरीबों, दलितों और वंचितों को समर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन हमेशा से जरूरतमंदों और वंचित वर्गों की सेवा के लिए समर्पित रहा है और आगे भी वे इसी दिशा में कार्य करते रहेंगे।

