
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को 7 वर्षीय प्रतिभाशाली तैराक इशांक सिंह से मुलाकात कर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर सम्मानित किया। इशांक ने 30 अप्रैल को लगातार 9 घंटे 50 मिनट तक तैरते हुए भारत और श्रीलंका के बीच स्थित पाल्क स्ट्रेट पार कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने इशांक को 5 लाख रुपये का चेक और स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में इशांक ने देश और दुनिया में झारखंड का नाम गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इशांक की यह उपलब्धि न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि झारखंड की नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, उन्नत सुविधाएं और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य में तैराकी प्रशिक्षण और उससे जुड़ी सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में राज्य के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में इशांक सिंह के माता-पिता और उनके कोच को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

