
रांची : राज्य सरकार ने झारभूमि पोर्टल को अधिक सुरक्षित और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने के उद्देश्य से इसे दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। यह पोर्टल 7 और 8 मई 2026 को पूरी तरह बंद रहेगा, जबकि 9 मई 2026 को दोपहर 12 बजे के बाद इसे फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
इस दौरान राज्य के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा जिला कार्यालयों के कंप्यूटर सिस्टम के MAC ID और IP एड्रेस को झारनेट फायरवॉल से जोड़ा जाएगा, ताकि अनधिकृत पहुंच और डेटा लीक जैसी समस्याओं पर रोक लगाई जा सके। पोर्टल बंद रहने के कारण नागरिक ऑनलाइन लगान भुगतान, म्यूटेशन की स्थिति जांच, खतियान देखने और नए आवेदन जमा करने जैसे कार्य नहीं कर पाएंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में सभी तकनीकी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे। उप निदेशक नूतन कुमारी ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि सुरक्षा अपग्रेडेशन के दौरान स्वतः दाखिल-खारिज से जुड़े किसी भी डेटा को सुरक्षित रखा जाए और उसमें कोई भी त्रुटि या नुकसान न हो।
सरकार का दावा है कि यह तकनीकी सुधार कार्य पोर्टल को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए किया जा रहा है, जिससे भविष्य में आम लोगों को बेहतर डिजिटल सेवाएं मिल सकें।

