

रांची : सिल्ली-मुरी-बोकारो रेलखंड पर शनिवार तड़के श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन संख्या 08895 का एक पहिया पटरी से उतर गया। घटना पोल संख्या 354/एसए-4 के पास हुई। ट्रेन के इंजन से तीसरे कोच संख्या एसईसी 64776 का एक पहिया पटरी से उतरने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।





हालांकि, घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। कोच में सवार कांवरियों को सुरक्षित उतार लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक के पॉइंट एंड क्रॉसिंग में भेड़िए का सिर फंसने के कारण कोच का एक पहिया पटरी से उतर गया।
घटना की सूचना मिलते ही रांची रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह सहित रेलवे अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे।
राहत दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर कोच को पटरी पर ला दिया। इसके बाद कोच को मुरी यार्ड में भेज दिया गया।
घटनास्थल पर रेलवे पटरी की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया। एहतियात के तौर पर इस दौरान कई ट्रेनों का मार्ग बदला गया।
करीब एक घंटे की कार्रवाई के बाद बोकारो रेलखंड पर सुबह लगभग 5:15 बजे रेल परिचालन बहाल कर दिया गया। घटना में सभी यात्री सुरक्षित रहे और ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
रेलवे ट्रैक में पॉइंट एंड क्रॉसिंग वह महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से ट्रेन को एक रेल लाइन से दूसरी रेल लाइन पर सुरक्षित तरीके से ले जाया जाता है। पॉइंट में चलायमान रेल हिस्से होते हैं, जिन्हें ट्रेन की दिशा बदलने के लिए निर्धारित स्थिति में रखा जाता है।
इसके माध्यम से ट्रेन को मुख्य लाइन से लूप या दूसरी लाइन पर भेजा जाता है। वहीं, क्रॉसिंग वह हिस्सा है जहां रेल पटरियों के मार्ग एक-दूसरे को काटते हैं और ट्रेन के पहियों को एक दिशा से दूसरी दिशा में सुरक्षित रूप से गुजरने की सुविधा मिलती है। स्टेशन और जंक्शन पर ट्रेनों का मार्ग बदलने में पॉइंट एंड क्रॉसिंग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
