झूलते केबल हटाने के लिए जेबीवीएनएल ने बीएसएनएल समेत चार कंपनियों को दिया अल्टीमेटम

जेबीवीएनएल ने टेलीकॉम कंपनियों को 16 अगस्त तक बिजली पोल पर लगे असुरक्षित केबल सुरक्षित करने का निर्देश दिया है। 17 अगस्त से अनधिकृत केबल हटाने की कार्रवाई होगी।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

16 अगस्त तक केबल सुरक्षित करने का निर्देश, 17 से हटाये जायेंगे असुरक्षित और अनधिकृत केबल

रांची : झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने बिजली के पोल पर लगाये गये असुरक्षित और अनधिकृत ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) और अन्य केबल को लेकर बीएसएनएल समेत टेलीकॉम कंपनियों को अंतिम नोटिस जारी किया है। जेबीवीएनएल ने ने बीएसएनएल, रेलटेल, रिलायंस और वोडाफोन को भेजे पत्र में कहा है कि बिजली के पोल पर गलत तरीके से केबल लगाये जाने से जेबीवीएनएल के बुनियादी ढांचे, आम लोगों और परिवहन व्यवस्था के लिए सुरक्षा जोखिम पैदा हो रहा है।

जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक-सह-मुख्य अभियंता मनमोहन कुमार ने 13 अगस्त को बीएसएनएल के झारखंड सर्किल के डिप्टी जनरल मैनेजर को पत्र भेजकर 16 अगस्त तक सभी केबल और उपकरणों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने का निर्देश दिया है। पत्र के अनुसार, कई स्थानों पर निर्धारित सुरक्षित ऊंचाई से नीचे भारी उपकरण और अन्य सामान भी लगाये गये हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। सड़क क्रॉसिंग वाले स्थानों पर भी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किये जाने की बात कही गयी है।

पोलों की जानकारी भी नहीं दी

जेबीवीएनएल ने कहा है कि पूर्व में कई पत्र और टेलीफोन पर निर्देश देने के बावजूद कंपनी ने पोलों पर लगाये गये केबल की संख्या, इस्तेमाल किये गये पोलों की संख्या और उनके स्थान की जानकारी निगम को उपलब्ध नहीं करायी। निगम ने सभी संबंधित पोलों का जीपीएस लोकेशन उपलब्ध कराने को भी कहा था. पत्र के अनुसार, जानकारी नहीं मिलने के कारण जेबीवीएनएल आवश्यक निवारक कार्रवाई नहीं कर पा रहा है।

17 अगस्त से हटाने की कार्रवाई

निगम ने स्पष्ट किया है कि 16 अगस्त तक केबल और उपकरणों को सुरक्षित नहीं किया गया, तो 17 अगस्त से असुरक्षित और अनधिकृत केबल व उपकरणों को हटा दिया जायेगा। इस कार्रवाई में आने वाला पूरा खर्च संबंधित कंपनी से वसूल किया जायेगा। जेबीवीएनएल ने अपने क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

रिलायंस, रेलटेल और वोडाफोन को भी पत्र

जेबीवीएनएल ने इसी प्रकार का पत्र रिलायंस, रेलटेल और वोडाफोन को भी भेजा है। निगम का फोकस बिजली के पोल पर लगे सभी केबल और उपकरणों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप कराने पर है। रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा के विभिन्न विद्युत आपूर्ति क्षेत्रों में इस संबंध में कार्रवाई की तैयारी की गयी है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।