
PLFI Maoist Arrest : खूंटी पुलिस को उग्रवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। कर्रा थाना पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके पास से हथियार, जिंदा कारतूस और संगठन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर तोरपा एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। इसके बाद कर्रा थाना क्षेत्र में अभियान चलाकर तीन संदिग्धों को पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने PLFI से जुड़े होने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान सैमुअल गुड़िया, धीरज रविदास और सुमित रजक के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, PLFI के पांच पर्चे, दो मोबाइल फोन और एक आईईडी कार्ड बरामद किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे संगठनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

