
Gumla News : गुमला मंडल कारा में बंदियों और उनके परिजनों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार अजीत कुमार सिंह के मार्गदर्शन में “मुलाकात विधिक सहायता हेल्प डेस्क” की स्थापना की गई है।
यह हेल्प डेस्क मंडल कारा के मुलाकात परिसर में शुरू किया गया है, जहां कैदियों के परिजनों को मुलाकात के दौरान जरूरी कानूनी जानकारी और सहायता दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को आम लोगों के लिए अधिक सुलभ और पारदर्शी बनाना है।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत पैरा लीगल वॉलंटियर्स, न्याय मित्र और डिफेंस काउंसिल के प्रतिनिधि प्रतिदिन मौजूद रहेंगे। वे परिजनों को जमानत, केस की स्थिति, अपील प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
कारा प्रशासन ने हेल्प डेस्क संचालन के लिए आवश्यक स्थान और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। “मुलाकात से न्याय तक” अभियान के तहत लोगों को उनके अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने जेल परिसर और मुलाकात स्थल का निरीक्षण कर स्वच्छता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मुलाकात व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि परिजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
यह पहल बंदियों और उनके परिवारों को न्याय प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

