रांची: सदर अस्पताल रांची में मरीजों की सुविधा के लिए शुरू किया गया लैब इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम पूरी तरह से लड़खड़ाता नजर आ रहा है। डिजिटल व्यवस्था के जरिए मरीजों को मोबाइल पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने और अस्पताल की सेवाओं को बेहतर बनाने की पहल फिलहाल मरीजों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। सिस्टम में तकनीकी दिक्कतों के कारण मरीजों को जांच रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
अस्पताल प्रशासन ने कुछ समय पहले डिजिटल हेल्थ सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिस्टम की शुरुआत की थी। इसके तहत मरीजों को पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी और अन्य जांचों की रिपोर्ट मोबाइल फोन पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई थी। जिसमें दावा किया गया था कि इससे मरीजों को अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और रिपोर्ट आसानी से ऑनलाइन मिल जाएगी। लेकिन वर्तमान स्थिति इसके विपरीत है।

अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि काउंटरों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। कई मरीजों ने बताया कि जांच कराने के बाद रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए उन्हें एक से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। बता दें कि रांची सदर अस्पताल राजधानी के दूसरे सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में से है। यहां प्रतिदिन 1500 से अधिक मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचते हैं, जबकि 700 से 800 मरीज विभिन्न वार्डों में भर्ती रहकर इलाज करा रहे हैं।मरीजों का कहना है कि डिजिटल सुविधा तभी उपयोगी है जब वह निर्बाध रूप से काम करे। दूसरी ओर अस्पताल कर्मियों को भी सिस्टम फेल होने की स्थिति में मैनुअल प्रक्रिया अपनानी पड़ रही है, जिससे उनका काम बढ़ गया है।
इस मामले में डिप्टी सुप्रिटेंडेंट डॉ विमलेश सिंह ने कहा कि ऑनलाइन रिपोर्ट नहीं दिए जाने की जानकारी मिली है। यह लंबे समय से प्रभावित था। इसके बारे में आज जानकारी इंचार्ज ने दी है। इस समस्या को जल्दी ही दूर कर लिया जाएगा।


