कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज का दिन बेहद खास माना जा रहा है। भाजपा ने शुभेंदु अधिकारी को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुना है। अब कुछ ही घंटों में वे पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं। सुबह से ही राजनीतिक हलचल तेज है। शुभेंदु अधिकारी अपने आवास से शपथ ग्रहण समारोह के लिए रवाना हो चुके हैं। सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में देशभर के 20 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी भी इस समारोह को और खास बना रही है।

इधर शपथ ग्रहण से पहले शुभेंदु अधिकारी ने इसे पश्चिम बंगाल के लिए “ऐतिहासिक सुबह” बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “सिटी ऑफ जॉय” कोलकाता में स्वागत किया। अपने संदेश में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने जा रही है। यह पल पार्टी के संस्थापक नेताओं के सपनों को साकार करने वाला है। उन्होंने इसे दशकों के कुशासन के अंत की शुरुआत बताते हुए कहा कि अब राज्य में विकास, शांति और समृद्धि के “डबल इंजन” दौर की शुरुआत होगी। उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल अब “सोनार बांग्ला” के नए अध्याय में प्रवेश कर रहा है। आज से राज्य की राजनीति में एक नए युग की आधिकारिक शुरुआत हो रही है।


