
रांचीः अगर आप आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में रेलवे ट्रैक के रखरखाव और जरूरी तकनीकी कामों को लेकर 11 मई से 17 मई तक संयुक्त रोलिंग ब्लॉक कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस मेंटेनेंस कार्य की वजह से कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा। रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक इस दौरान कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई ट्रेनों के रूट और संचालन में बदलाव किया गया है।
ये मेमू ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे के अनुसार 68079/68080 भोजूडीह-चंद्रपुरा-भोजूडीह मेमू 12 मई, 15 मई और 17 मई को रद्द रहेगी। इसके अलावा 68090/68089 आद्रा-मिदनापुर-आद्रा मेमू 15 मई को रद्द रहेगी। वहीं 68077/68078 आद्रा-भागा-आद्रा मेमू 17 मई को नहीं चलेगी।
कई ट्रेनों का सफर रहेगा अधूरा
मेंटेनेंस कार्य के कारण कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते तक ही चलाया जाएगा। 68055/68056 आसनसोल-टाटानगर-आसनसोल मेमू 13 मई, 15 मई, 16 मई और 17 मई को सिर्फ आद्रा तक ही चलेगी। इस दौरान आद्रा-टाटानगर-आद्रा सेक्शन में ट्रेन सेवा पूरी तरह बंद रहेगी। वहीं 68056/68060 टाटानगर-आसनसोल-बराभूम मेमू 11 मई को केवल आद्रा तक ही संचालित होगी। इसके अलावा 63594/63593 आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू 14 मई को आद्रा तक ही चलेगी। इससे संबंधित रूट पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस भी होगी लेट
रेलवे ने बताया कि 18036 हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस 13 मई और 16 मई को हटिया स्टेशन से 120 मिनट यानी 2 घंटे की देरी से रवाना होगी। इसके अलावा 18601 टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस 12 मई को अपने सामान्य मार्ग चांडिल-पुरुलिया-कोटशिला-मुरी की बजाय चांडिल-गुंडा बिहार-मुरी मार्ग से चलेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

