कितना पैसा Enough है? बैंक बैलेंस, दिखावा और सुकून का असली गणित

CA पंकज चांडक बताते हैं कि कितना पैसा काफी है, इसका जवाब गणित नहीं बल्कि मनोविज्ञान है। असली अमीरी वित्तीय स्वतंत्रता, समय की आजादी और मानसिक शांति में छिपी है।

6 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

CA पंकज चांडक

अक्सर एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) होने के नाते, लोग मुझसे वित्तीय लक्ष्यों (Financial Goals) की बात करते हैं। हर आदमी एक जादुई आंकड़ा ढूंढ रहा है-कोई कहता है 5 करोड़, कोई 10 करोड़। लेकिन क्या वाकई पैसा जमा कर लेने से सुरक्षा और सुख की गारंटी मिल जाती है? सच्चाई यह है कि “कितना पैसा काफी है”, इसका जवाब गणित से कम और हमारे मनोविज्ञान (Psychology) से ज्यादा जुड़ा है। आइए इस विषय को कुछ गहरे बिंदुओं से समझते हैं।

लाइफस्टाइल इन्फ्लेशन: एक कभी न खत्म होने वाली दौड़

इंसान की एक फितरत है कि वह बहुत जल्दी अपनी नई सुख-सुविधाओं का आदी हो जाता है। कल तक जो हमारे लिए ‘सपना’ था, आज वो ‘नॉर्मल’ है और कल वो ‘कम’ लगने लगेगा। पहले कूलर में नींद आ जाती थी, फिर AC की आदत पड़ी और अब सेंट्रलाइज्ड AC भी कम लगता है। इसे ‘हेडोनिक ट्रेडमिल’ कहते हैं-आप जितना तेज भागते हैं, आपकी इच्छाएं भी उतनी ही तेज बढ़कर आपकी बराबरी कर लेती हैं। अगर आप अपनी इच्छाओं पर लगाम नहीं लगाते, तो दुनिया की कोई भी कमाई आपको ‘संतुष्ट’ नहीं कर पाएगी।

तुलना का जहर: हम किसके लिए जी रहे हैं?

आज तनाव की सबसे बड़ी वजह ‘अभाव’ नहीं, बल्कि ‘तुलना’ (Comparison) है। हम अक्सर अपनी जरूरत के लिए नहीं, बल्कि पड़ोसी या रिश्तेदार को नीचा दिखाने के लिए खर्च करते हैं। 30 लाख कमाने वाला व्यक्ति इसलिए दुखी है क्योंकि उसके दोस्त ने 50 लाख का पैकेज पा लिया है। हम अपनी जिंदगी नहीं जी रहे, हम बस दूसरों की नज़रों में ‘सफल’ दिखने की कोशिश कर रहे हैं। याद रखिए, दूसरों को दिखाने के लिए खरीदी गई चीजें अक्सर आपकी अपनी शांति की बलि ले लेती हैं।

‘अमीर’ होने और ‘अमीर दिखने’ के बीच का अंतर

समाज में आज ‘दिखावे की अर्थव्यवस्था’ (Show-off Economy) हावी है। लोग महंगी गाड़ियाँ और गैजेट्स EMI पर खरीदते हैं ताकि वे अमीर दिख सकें, जबकि असलियत में उनकी नेटवर्थ (Net Worth) कम हो रही होती है। असली वित्तीय आजादी (Financial Freedom) वह है जब आपको किसी को प्रभावित करने के लिए खर्च न करना पड़े। जिस दिन आप ‘लोग क्या कहेंगे’ के डर से बाहर निकल जाते हैं, उसी दिन आप सही मायनों में अमीर बन जाते हैं।

समय की कीमत: क्या आप अपनी जिंदगी बेच रहे हैं?

पैसा कमाने के लिए हम जो समय देते हैं, वह हमारी जिंदगी का हिस्सा है। अगर आप दिन के 15 घंटे सिर्फ इसलिए काम कर रहे हैं कि आपका बैंक बैलेंस बढ़ता रहे, लेकिन आपके पास उस पैसे का आनंद लेने के लिए या अपने बच्चों को बढ़ते हुए देखने के लिए समय नहीं है, तो आप अमीर नहीं बल्कि एक ‘महंगे गुलाम’ हैं। पैसा वापस कमाया जा सकता है, बीता हुआ समय नहीं।

स्वास्थ्य: सबसे बड़ी बैलेंस शीट

एक पुरानी कहावत है- “इंसान पहले पैसा कमाने के लिए अपना स्वास्थ्य खोता है, और फिर स्वास्थ्य पाने के लिए अपना सारा पैसा खो देता है।” अगर आपका काम आपको इतना तनाव दे रहा है कि आपका शरीर बीमारियों का घर बन रहा है, तो आपका ‘मुनाफा’ वास्तव में ‘घाटा’ है। एक स्वस्थ शरीर और शांत मन ही सबसे बड़ी संपत्ति है।

‘काफी’ (Enough) की परिभाषा क्या है?

मेरे नजरिए से, “काफी पैसा” वह स्थिति है जहाँ:आपकी बुनियादी जरूरतें और जिम्मेदारियां बिना कर्ज के पूरी हो रही हों।आपके पास एक ‘इमरजेंसी फंड’ हो जो आपको रात को चैन की नींद दे।भविष्य के लिए निवेश सही दिशा में हो ताकि बुढ़ापा सुरक्षित रहे। सबसे महत्वपूर्ण: आपके पास अपनी पसंद का काम करने और अपनों के साथ वक्त बिताने की आजादी (Time Freedom) हो। असली संपत्ति की पहचान अंत में, हमें यह समझना होगा कि जीवन की ‘बैलेंस शीट’ सिर्फ रुपयों-पैसों के जोड़-घटाव से पूरी नहीं होती। पैसा एक बहुत अच्छा ‘सेवक’ है, लेकिन बहुत बुरा ‘मालिक’। जिस दिन पैसा आपको अपनी उंगलियों पर नचाना शुरू कर देता है, उसी दिन से आपकी वास्तविक गरीबी शुरू हो जाती है। मंजिल सिर्फ करोड़ों रुपये इकट्ठा करना नहीं होनी चाहिए, बल्कि मंजिल होनी चाहिए—स्वतंत्रता। ऐसी आजादी, जहाँ आपको पसंद न होने वाला काम सिर्फ पेट भरने के लिए न करना पड़े। ऐसी आजादी, जहाँ आप अपने बच्चों के बचपन और माता-पिता के बुढ़ापे को अपनी आंखों के सामने खिलते हुए देख सकें।

पिछले कई वर्षों में मैंने हजारों व्यापारिक खाते देखे हैं, बड़ी-बड़ी संपत्तियां और टर्नओवर देखे हैं। पर मेरा अनुभव यही कहता है कि दुनिया का सबसे अमीर इंसान वह नहीं है जिसकी तिजोरी सबसे भारी है, बल्कि वह है जिसके दिल में सुकून है और जिसे यह पता है कि उसके लिए “कितना काफी है”। अगर पैसा बढ़ने के साथ-साथ आपकी प्रार्थनाएं, आपकी हंसी और अपनों के साथ आपका वक्त कम हो रहा है, तो यकीन मानिए आप अमीर नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से एक सुनहरे पिंजरे में कैद हो रहे हैं। याद रखिए, जब हम इस दुनिया से विदा लेंगे, तो हमारे साथ हमारा बैंक बैलेंस नहीं जाएगा, बल्कि वे यादें और वे पल जाएंगे जो हमने अपनों के साथ खुलकर जिए थे। अपनी ‘Enough’ की लकीर खुद खींचिए, इससे पहले कि वक्त आपकी जिंदगी की लकीर छोटी कर दे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।