
रांची : रांची के रिम्स में कर्मचारियों को पिछले दो से ढाई महीने से वेतन नहीं मिलने का मामला अब गंभीर होता जा रहा है। सैलरी रुके होने से नाराज बड़ी संख्या में कर्मचारी सोमवार को रिम्स निदेशक से मिलने पहुंचे और जल्द भुगतान की मांग की। जानकारी के मुताबिक, रिम्स में कार्यरत पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंग स्टाफ, स्थायी कर्मचारी समेत कई अन्य कर्मियों को करीब ढाई महीने से वेतन नहीं मिला है। वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है।
बताया जा रहा है कि रिम्स के करीब 1500 स्थायी कर्मचारियों का वेतन अब तक लंबित है। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार वेतन भुगतान में देरी होने से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। इधर, कर्मचारियों की नाराजगी बढ़ने के बाद मामला अब तूल पकड़ने लगा है। बड़ी संख्या में कर्मियों के निदेशक से मिलने पहुंचने के बाद रिम्स प्रबंधन पर जल्द समाधान निकालने का दबाव बढ़ गया है।

