
जामताड़ा: झारखंड सरकार राज्य के पत्रकारों के लिए हेल्थ इंश्योरेंस योजना लागू करने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को अपने विधानसभा क्षेत्र जामताड़ा में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य के सभी मान्यता प्राप्त और कार्यरत पत्रकारों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया जाएगा। सरकार पत्रकारों के परिजनों को भी इस योजना के दायरे में लाने की तैयारी कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज तक सही सूचना पहुंचाने में पत्रकारों की अहम भूमिका होती है। ऐसे में उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि कई पत्रकार आर्थिक कठिनाइयों के बीच अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं और इलाज के दौरान उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि योजना को लेकर विभागीय स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही इसकी विस्तृत रूपरेखा जारी की जाएगी। सरकार का उद्देश्य पत्रकारों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना है।

