₹10 हजार में बिका सरकारी चापाकल? गिरिडीह की अकडोनी कला पंचायत में मुखिया पर गंभीर आरोप

अकडोनी कला पंचायत में सरकारी चापाकल लगाने में कथित रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है, जहां मुखिया पर पैसे लेकर नियमों के विरुद्ध चापाकल लगवाने का आरोप लगा है।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गिरिडीह: जिले की अकडोनी कला पंचायत में सरकारी योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। पंचायत के मुखिया मनोज पासी पर विधायक मद से मिले सरकारी चापाकल को नियमों के विरुद्ध पैसे लेकर लगवाने का आरोप लगा है। मामले में सामने आए ऑडियो क्लिप और ग्रामीणों के दावों ने पूरे प्रकरण को चर्चा में ला दिया है।

ग्रामीणों द्वारा जारी कथित ऑडियो में एक लाभुक यह स्वीकार करता सुनाई दे रहा है कि चापाकल लगवाने के लिए उसने मुखिया को ₹10 हजार दिए थे। वहीं चापाकल बोरिंग गाड़ी के ड्राइवर ने भी कथित तौर पर यह कहा है कि मुखिया के निर्देश पर निर्धारित स्थान बदलकर दूसरी जगह चापाकल लगाया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि जिस स्थान पर चापाकल लगाया गया है, वहां न तो घनी आबादी है और न ही आम लोगों की पानी की कोई बड़ी जरूरत। बताया जा रहा है कि लाभुक का घर भी अभी अधूरा है। ऐसे में सरकारी संसाधनों का निजी हित में इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला सिर्फ नियमों की अनदेखी नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं में खुलेआम सौदेबाजी का उदाहरण है। अब प्रशासन के सामने ऑडियो रिकॉर्डिंग और ग्रामीणों के बयान जैसे अहम साक्ष्य मौजूद हैं। ऐसे में लोगों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है कि मामले की जांच कब शुरू होगी और दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।