
रांची : यात्रियों की बढ़ती भीड़ और जनजाति दिवस के मौके को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। रांची से दिल्ली और टाटानगर से आनंद विहार टर्मिनल के बीच स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया गया है। वहीं दूसरी तरफ आद्रा मंडल में ब्लॉक के कारण कई ट्रेनों को रद्द भी किया गया है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रांची-दिल्ली के बीच चलेगी जनजाति दिवस स्पेशल ट्रेन
रेलवे की ओर से ट्रेन संख्या 08639/08640 रांची-दिल्ली-रांची जनजाति दिवस स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। ट्रेन संख्या 08639 रांची-दिल्ली स्पेशल 23 मई को रांची से सिर्फ एक ट्रिप के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन रांची स्टेशन से सुबह 3:30 बजे खुलेगी, जबकि लोहरदगा से इसका प्रस्थान सुबह 4:30 बजे तय किया गया है। ट्रेन अगले दिन सुबह 3:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08640 दिल्ली-रांची जनजाति दिवस स्पेशल 25 मई को दिल्ली से चलेगी। यह ट्रेन रात 1:25 बजे दिल्ली से रवाना होकर रात 11:15 बजे रांची पहुंचेगी।
टाटानगर-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन का भी ऐलान
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 08183/08184 टाटानगर-आनंद विहार टर्मिनल-टाटानगर जनजाति दिवस स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला भी किया है। यह ट्रेन मुरी स्टेशन होकर संचालित होगी। ट्रेन संख्या 08183 टाटानगर-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल 23 मई को टाटानगर से सिर्फ एक ट्रिप के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन रात 12:30 बजे टाटानगर से खुलेगी और मुरी स्टेशन से सुबह 2:43 बजे प्रस्थान करेगी। आनंद विहार टर्मिनल पहुंचने का समय सुबह 3:30 बजे निर्धारित किया गया है। वापसी में ट्रेन संख्या 08184 आनंद विहार टर्मिनल-टाटानगर स्पेशल 25 मई को आनंद विहार टर्मिनल से रात 1:45 बजे रवाना होगी और रात 12:15 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
कई ट्रेनें रहेंगी रद्द, यात्रा से पहले जरूर जांच लें स्टेटस
आद्रा मंडल में ब्लॉक के चलते रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। रेलवे के मुताबिक ट्रेन संख्या 18036 हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस 13 और 16 मई को रद्द रहेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 58663/58664 हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर ट्रेन 13 मई से 11 जून तक रद्द रहेगी। वहीं ट्रेन संख्या 58665/58666 हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर ट्रेन भी इसी अवधि तक नहीं चलेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

