
लातेहार : बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड स्थित टोरी रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 13379/13380 धनबाद-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के ठहराव की सुविधा शुरू कर दी गई है। इस अवसर पर मुख्य वाणिज्य निरीक्षक आशुतोष कुमार एवं रेलवे सुरक्षा बल के जवान उपस्थित रहे।
रेलवे अधिकारियों ने दी जानकारी
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 13379 धनबाद-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को रात 11 बजे धनबाद से रवाना होकर मंगलवार की अहले सुबह 3ः31 बजे टोरी स्टेशन पहुंचेगी। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद गाड़ी 3ः33 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बुधवार को दोपहर 1ः40 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 13380 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-धनबाद एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को शाम 4.55 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होकर शुक्रवार की रात 12.42 बजे टोरी स्टेशन पहुंचेगी। यहां दो मिनट रुकने के बाद ट्रेन 12.44 बजे आगे के लिए रवाना होगी तथा सुबह आठ बजे धनबाद पहुंचेगी।

