
Ranchi Municipal Corporation : राजधानी रांची को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम ने बुधवार को व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान बरियातू रोड, बड़गाई चौक, पीएचईडी चौक से बूटी मोड़ तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, गुमटी और अस्थायी ढांचों को हटाया गया।
नगर निगम की टीम ने सड़क के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाते हुए दो दुकानों, छह काउंटर, 70 फ्रूट कैरेट और चार ठेलों को जब्त किया। इसके अलावा पांच अवैध संरचनाओं को भी हटाया गया। नालियों के ऊपर बने अवैध ढांचों को तोड़कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाने की दिशा में भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों को भविष्य में सार्वजनिक स्थलों पर दोबारा कब्जा नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, इसलिए सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखना प्राथमिकता है।
इधर, नगर निगम ने शहर की दीवारों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध विज्ञापन लगाने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया है। एक निजी सिक्योरिटी एजेंसी द्वारा बिना अनुमति विज्ञापन लगाए जाने पर निगम ने 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से बचने की चेतावनी दी।
नगर निगम ने कहा कि शहर की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए अवैध अतिक्रमण और बिना अनुमति पोस्टर-बैनर लगाने वालों पर आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही शहरवासियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से रांची को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

