भरनो में जंगली हाथियों का आतंक जारी, दो ग्रामीणों के घर क्षतिग्रस्त; धान की फसल भी बर्बाद

गुमला के भरनो क्षेत्र में जंगली हाथियों ने दो ग्रामीणों के घर क्षतिग्रस्त किए और धान की फसल बर्बाद कर दी, जिससे गांवों में भय और दहशत का माहौल है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Wild Elephant Attack : गुमला जिले के भरनो प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गांवों में हाथियों के प्रवेश से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। बीती रात हाथियों ने जतरागढ़ी और सुपा टंगराटोली गांव में जमकर उत्पात मचाया, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, जतरागढ़ी गांव निवासी झिरगा उरांव के मिट्टी के घर को देर रात जंगली हाथी ने क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी ने घर की दीवार और छप्पर तोड़ दिया, जिससे अंदर रखे कई जरूरी सामान भी नुकसानग्रस्त हो गए। घटना के दौरान परिवार के लोग किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

वहीं सुपा टंगराटोली गांव में जंगली हाथी ने कच्चू उरांव के घर को निशाना बनाया। हाथी ने मिट्टी के घर में घुसकर करीब पांच क्विंटल धान खा लिया और बड़ी मात्रा में धान को बिखेरकर बर्बाद कर दिया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हाथियों की आवाजाही बनी हुई है, जिसके कारण लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। हाथियों के डर से ग्रामीणों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग गुमला और बसिया की क्यूआरटी टीम वनरक्षी अकील अहमद के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने सुपा महुवाटोली गांव के पास पतरा क्षेत्र में डेरा जमाए हाथी को खदेड़कर जंगल की ओर भेज दिया।

वन विभाग ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का आकलन किया और नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और प्रभावित परिवारों को जल्द सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।