स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास भारतीय जहाज पर हमला, ड्रोन-मिसाइल अटैक के बाद डूबा ‘हाजी अली’, भारत ने जताई कड़ी नाराजगी

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय झंडे वाले एक मालवाहक जहाज पर हमले की खबर ने चिंता बढ़ा दी है। ‘हाजी अली’ नाम का यह जहाज 13 मई की सुबह ओमान के समुद्री तट के पास से गुजर रहा था, तभी उस पर ड्रोन या मिसाइल जैसे हथियार से हमला किया गया। धमाके के बाद जहाज में भीषण आग लग गई और कुछ ही देर में वह समुद्र में डूब गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि जहाज पर मौजूद सभी 14 भारतीय क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद भारत सरकार ने इस हमले पर कड़ी नाराजगी जताई है। विदेश मंत्रालय ने व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की सख्त शब्दों में निंदा की है।

भारत ने जताई कड़ी नाराजगी

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ओमान के तट के पास भारतीय झंडे वाले जहाज पर हमला पूरी तरह अस्वीकार्य है। मंत्रालय ने कहा कि कमर्शियल जहाजों और निर्दोष नाविकों को लगातार निशाना बनाया जाना गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। भारत ने साफ तौर पर कहा कि समुद्री व्यापार को प्रभावित करना और नागरिक क्रू मेंबर्स की जान खतरे में डालना किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। साथ ही भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचाने के लिए ओमान के अधिकारियों का धन्यवाद भी किया गया।

आखिर कैसे हुआ हमला?

मिली जानकारी के मुताबिक, ‘हाजी अली’ जहाज बेरबेरा पोर्ट से शारजाह जा रहा था। बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे जहाज जब ओमान के समुद्री क्षेत्र के करीब पहुंचा, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। क्रू मेंबर्स ने बताया कि ऐसा महसूस हुआ जैसे किसी विस्फोटक वस्तु ने जहाज को टक्कर मारी हो। धमाके के तुरंत बाद जहाज में आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी और हालात बिगड़ गए। इसके बाद सभी 14 क्रू मेंबर्स ने एहतियात के तौर पर लाइफ बोट की मदद से जहाज छोड़ दिया।

ओमान कोस्टगार्ड ने बचाई सभी की जान

समुद्र में संकट की सूचना मिलते ही ओमान कोस्टगार्ड ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बचाव दल मौके पर पहुंचा और सभी भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है। भारत ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए ओमान सरकार और वहां के बचाव दल का आभार जताया है।

पहले भी निशाने पर आ चुके हैं भारतीय जहाज

यह पहली बार नहीं है जब भारतीय जहाज क्षेत्रीय तनाव की चपेट में आए हों। इससे पहले 7 मई को होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे गुजरात के द्वारका के मालवाहक जहाज MSV AL फैज नूरे सुलेमानी-I पर भी कथित तौर पर फायरिंग हुई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।