आधी रात अचानक सड़कों पर निकले रांची SSP, थानों में मचा हड़कंप! पुलिस की मुस्तैदी का लिया जायजा

रांची में कानून-व्यवस्था को लेकर एसएसपी राकेश रंजन आधी रात सड़कों पर उतरे। कई थानों का औचक निरीक्षण कर पुलिस गश्ती, सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति परखी।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बीती रात एसएसपी राकेश रंजन खुद मैदान में उतर आए। आधी रात शहर की सड़कों पर पहुंचकर उन्होंने कई प्रमुख थानों का औचक निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों की तैयारियों व मुस्तैदी को करीब से परखा। इस दौरान उनके साथ पारस राणा भी मौजूद रहे। रात में अचानक हुए इस निरीक्षण से पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई। एसएसपी अलग-अलग थानों में पहुंचे और वहां की सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की स्थिति, रिकॉर्ड संधारण और रात में चल रही गश्ती व्यवस्था की जांच की। उन्होंने थानेदारों और पुलिस अधिकारियों से इलाके में अपराध नियंत्रण को लेकर भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उन्हें जल्द से जल्द निपटाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि रात की गश्ती और ज्यादा सक्रिय होनी चाहिए। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।

एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि राजधानी में अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि रात्रि गश्ती में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर वाहनों की जांच भी की गई। देर रात सड़कों पर घूम रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।