
पलामू : पलामू और लातेहार जिले की सीमा पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया। चियांकी और केचकी स्टेशन के बीच स्थित केचकी संगम रेलवे पुल के पास डाउन पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पोल संख्या 272 के समीप सुबह करीब पांच बजे हुआ।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृत महिला पिछले एक दिन से इलाके में इधर-उधर भटकती दिखाई दे रही थी। लोगों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी। बुधवार सुबह वह रेलवे पुल के आसपास मौजूद थी, तभी तेज रफ्तार से गुजर रही पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेन की टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का शव पुल के समीप बुरी तरह फंस गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।
सूचना मिलने के बाद आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर आर.के. मिंज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। रेलवे पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर महिला की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। वहीं हादसे के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

