झारखंड : महिला को डायन बताकर रस्सी से बांधकर पीटा, गर्म हसुआ से दागा

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार: लातेहार में मंगलवार को मानवता को कलंकित करने वाली एक घटना घटी।

लातेहार थाना क्षेत्र के पोचरा हुतार गांव की एक महिला पर डायन का आरोप लगाकर गांव के कुछ ग्रामीणों ने रस्सी से बांधकर पीटा। इसके बाद गर्म हसुआ से दाग कर प्रताड़ित किया।

जानकारी के अनुसार ग्रामीणों का आरोप था कि उक्त महिला डायन है। इसी शक पर कई बार महिला के साथ मारपीट भी की गई थी।

महिला को लेकर गांव के कुछ लोग देवास में पहुंचे।

जहां देवास लगा रहे भगत ने उक्त महिला पर डायन होने की बात कह दी।

इसके बाद गांव की ही कुछ अन्य महिलाएं जो पीड़ित महिला को लेकर देवास में पहुंची थी उन्होंने पीड़ित महिला को पकड़कर बांध दिया।

पीड़ित महिला को जबरन यह कबूल करवाया जा रहा था कि वह डायन है। इसके लिए उसे मारपीट की गई और हसुआ गर्म कर शरीर पर दागा गया।

शारीरिक प्रताड़ना से बेहाल होकर महिला बेहोश हो गई। उसके बाद पीड़ित महिला के परिवार वाले उसे इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया।

साथ ही पूरे मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई।जिसके बाद पीड़ित महिला के फर्द बयान के आधार पर पुलिस ने अब तक गांव के 5 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर दी है।

थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बुधवार को कुछ अन्य लोगों पर भी जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Share This Article