मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले विधायक रामचंद्र सिंह, मनिका क्षेत्र के विकास को लेकर रखीं अहम मांगें

मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर बरवाडीह को अनुमंडल, छिपादोहर को प्रखंड बनाने और बेतला-नेतरहाट विकास समेत कई मांगें रखीं।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ramchandra Singh Meets Hemant Soren: मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचन्द्र सिंह ने गुरुवार को राजधानी रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री के आमंत्रण पर रांची पहुंचे विधायक रामचंद्र सिंह का स्वागत किया गया और उनके कार्यों की सराहना भी की गई।

मुलाकात के दौरान विधायक ने मनिका विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर कई अहम मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। उन्होंने बरवाडीह को अनुमंडल का दर्जा देने और छिपादोहर को प्रखंड बनाने की मांग करते हुए कहा कि इससे प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

विधायक रामचंद्र सिंह ने बेतला राष्ट्रीय उद्यान और नेतरहाट जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के समुचित विकास की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी विधायक ने मुख्यमंत्री से चर्चा की। उन्होंने लातेहार जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग करते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जिले में मेडिकल कॉलेज का निर्माण जरूरी है, ताकि लोगों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।

इसके अलावा, विधायक ने टाइगर प्रोजेक्ट क्षेत्र होने के कारण विकास कार्यों में आ रही बाधाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने प्रभावित इलाकों के लिए विशेष पैकेज की मांग करते हुए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया।

मुलाकात के दौरान विधायक रामचंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बेतला और नेतरहाट भ्रमण के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास से जुड़ी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।