
SBI Bank Holiday: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहकों के लिए अहम सूचना है। यदि आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम लंबित है, तो उसे जल्द पूरा कर लें, क्योंकि 23 मई से 28 मई 2026 के बीच कई जगहों पर SBI शाखाएं लगातार छह दिनों तक प्रभावित या बंद रह सकती हैं।
इसकी वजह चौथा शनिवार, रविवार, कर्मचारियों की प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल और बकरीद की छुट्टियां हैं। ऐसे में शाखा आधारित सेवाएं जैसे कैश जमा-निकासी, चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट और अन्य बैंकिंग कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
23 और 24 मई को वीकेंड अवकाश
बैंकिंग नियमों के तहत हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार बैंक बंद रहते हैं। इस बार 23 मई चौथा शनिवार है, जबकि 24 मई रविवार पड़ रहा है। ऐसे में लगातार दो दिन बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
25 और 26 मई को प्रस्तावित हड़ताल
ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने विभिन्न मांगों को लेकर 25 और 26 मई को दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का प्रस्ताव दिया है। यदि हड़ताल होती है, तो शाखाओं में नकद लेनदेन, ग्राहक सेवा, चेक क्लीयरेंस और पासबुक अपडेट जैसे काम प्रभावित हो सकते हैं।
हालांकि, YONO, इंटरनेट बैंकिंग, UPI और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहने की संभावना है।
27 और 28 मई को बकरीद की छुट्टी
RBI के अवकाश कैलेंडर के अनुसार अलग-अलग राज्यों में बकरीद (ईद-उल-अजहा) की छुट्टी 27 या 28 मई को पड़ सकती है। कुछ राज्यों, विशेषकर जम्मू-कश्मीर, में दोनों दिन बैंक बंद रहने की संभावना जताई गई है।
कर्मचारियों की क्या हैं प्रमुख मांगें?
AISBISF ने 16 मांगों को लेकर हड़ताल की घोषणा की है। इनमें खाली पदों पर स्थायी भर्ती, सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति, ट्रांसफर नीति में बदलाव, वेतन और प्रमोशन सुधार, मेडिकल सुविधाओं को बेहतर बनाने और कर्मचारियों पर बढ़ते क्रॉस-सेलिंग दबाव को कम करने जैसी मांगें शामिल हैं।
सलाह: बैंक शाखा से जुड़े जरूरी काम समय रहते निपटा लें और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।

