
जमशेदपुर : जमशेदपुर में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। 28 मई को शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सही रखने के लिए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। आदेश के अनुसार सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक बसों को छोड़कर सभी भारी वाहनों के शहर में प्रवेश और चलने पर रोक रहेगी। यह फैसला उपायुक्त, एसएसपी और यातायात डीएसपी की संयुक्त सहमति से लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि बकरीद के दिन मस्जिदों और ईदगाहों में काफी भीड़ रहने की संभावना है, इसलिए यह कदम उठाया गया है।
शहर की अलग-अलग मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, सुरक्षा और ट्रैफिक कंट्रोल के खास इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही प्रशासन ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है, ताकि त्योहार शांति और भाईचारे के माहौल में मनाया जा सके।

