
बोकारो : जिले में झारखंड मुक्ति मोर्चा महानगर समिति की बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसमस्याओं को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई। बोकारो सर्किट हाउस में आयोजित बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने की। इस दौरान झामुमो जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी ने कहा कि संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए लगातार बैठकों का दौर जारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य संकल्प बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सशक्त करना है ताकि हर क्षेत्र में संगठन मजबूती के साथ काम कर सके।
वहीं, मंटू यादव ने भीषण गर्मी में जनता को हो रही परेशानियों पर चिंता जताते हुए कहा कि पानी, बिजली और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से कोई भी नागरिक वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की अपील की। बैठक में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और स्थानीय युवाओं व विस्थापितों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर भी जोर दिया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

