
उत्तराखंड : वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम इन दिनों उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार में हैं। यहां उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व में डीडी न्यूज के लिए काम कर चुके प्रभात डबराल से मुलाकात की। इस मुलाकात का वाकया सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि नब्बे के दशक में जब हम जैसे लोग दिल्ली में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब डीडी के स्टार रिपोर्टर के तौर पर प्रभात डबराल बहुत बड़ा नाम हुआ करता था। हम लोगों से वे काफी सीनियर थे। लिहाज़ा दूर -दूर रहते हुए उनके बारे में बहुत सुना करते थे।
उस समय आज की तरह प्राइवेट चैनल नहीं थे। दूरदर्शन का ही जलवा था। जाहिर है प्रभात डबराल का भी जलवा था। जिंदादिल और मस्त स्वभाव के प्रभात जी बाद में लंबे अरसे तक सहारा टीवी के मुखिया भी रहे। हमने कभी साथ काम नहीं किया इसलिए कभी मिलना-मिलाना नहीं हो पाया। फरवरी में जब कोटद्वार आया था, तब उन्होंने फोन किया और बताया कि अब वो कोटद्वार में ही ज्यादातर रहते हैं। मिलने और साथ डिनर करने का न्योता भी दिया लेकिन मिल नहीं पाया। आज समय निकालकर उनसे मिलने गया। इतने प्यार और स्नेह से मिले कि लगा हम लोग उस दौर में उनके सानिध्य से वंचित रहे। आम और लीची के बहुत बड़े बगीचे के बीच उनका पुश्तैनी घर है। जिंदगी को वे अपने अंदाज में जी रहे हैं। मस्त और बिंदास। 74 की उम्र में बिल्कुल फिट। जिंदादिली से लबरेज़। बहुत अच्छा लगा मिलकर।

