
India Book of Records : रांची के नन्हें तैराक इशांक सिंह ने महज 7 साल की उम्र में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने पूरे झारखंड का नाम रोशन कर दिया है। समुद्री तैराकी में 9 घंटे 50 मिनट में 29 किलोमीटर की ऐतिहासिक तैराकी कर इशांक ने अपना नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स 2026 में दर्ज करा लिया है।
इस शानदार उपलब्धि पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इशांक को सम्मानित किया। इस मौके पर इशांक को ओपन वाटर स्विमिंग 2026 का प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया।
संजय सेठ ने कहा कि इतनी कम उम्र में समुद्र की ऊंची लहरों को चीरते हुए यह रिकॉर्ड बनाना इशांक की मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने इसे पूरे झारखंड और देश के लिए गर्व का क्षण बताया।
वहीं, इशांक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उसका सपना ओलंपिक में सबसे कम उम्र का तैराक बनकर भारत के लिए पदक जीतना है। उसके इस लक्ष्य और आत्मविश्वास ने सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के दौरान संजय सेठ ने इशांक और उसके परिवार को भरोसा दिलाया कि ओलंपिक तक की उसकी यात्रा में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इशांक जैसे बच्चे देश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा हैं, जो मेहनत और संकल्प से बड़े सपनों को सच कर सकते हैं।

