
नयी दिल्ली: एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी ने लगातार छठे वर्ष अपनी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) से कोई वेतन नहीं लिया है। उनके लिए लाभांश ही कमाई का मुख्य जरिया बना हुआ है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक अंबानी 88.8 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ भारत और एशिया के दूसरे बड़े रईस हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में 18.9 अरब डॉलर की गिरावट आई है। मुकेश अंबानी ने जून 2020 में कोविड महामारी के दौरान देश की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को देखते हुए अपना पूरा वेतन छोड़ने का फैसला किया था। कंपनी के मुताबिक चेयरमैन ने यह फैसला पूरी तरह स्वेच्छा से लिया था और उसके बाद भी इसे लगातार जारी रखा। खास बात यह है कि पिछले वित्त वर्ष में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपना अब तक का सबसे बड़ा सालाना मुनाफा दर्ज किया। FY 2025-26 में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट ₹95,754 करोड़ रहा।

