Jamtara News: जामताड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रीतम दास, विनोद दास और मोहम्मद तुफान उर्फ तुफान अंसारी शामिल हैं। इनमें प्रीतम और विनोद सगे भाई हैं, जबकि तुफान उनका सहयोगी बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार ये आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे और डेबिट-क्रेडिट कार्ड बंद होने या उन्हें एक्टिवेट करने का झांसा देते थे। इसी बहाने वे पीड़ितों से ओटीपी, सीवीवी और पिन जैसी गोपनीय जानकारी हासिल कर लेते थे और फिर ई-वॉलेट के जरिए उनके खातों से पैसे निकाल लेते थे।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिण्डारी, सकलपुर और तिलैया (केन्दुआटांड़) गांवों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान रणनीतिक घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी में पुलिस ने उनके पास से 10 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जो फर्जी दस्तावेजों के आधार पर चालू कर साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे थे।
इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 31/26 दर्ज किया गया है और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और बैंक खातों की भी गहन जांच कर रही है।


