रांची: झारखंड में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन कराने या स्थानांतरण के लिए दावा-आपत्ति दर्ज कराने हेतु अब केवल सात दिन का समय शेष रह गया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने योग्य नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 30 सितंबर तक अपने आवेदन अवश्य जमा कर दें।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि 30 सितंबर के बाद निर्वाचन आयोग द्वारा अगले चरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जिसके तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों के डिजिटलाइजेशन, जांच और सुनवाई का कार्य होगा। उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ फॉर्म-7 जमा करने मात्र से किसी मतदाता का नाम सूची से नहीं कटेगा, बल्कि निर्धारित प्रक्रिया और जांच के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। मतदाता अपने आवेदन ऑनलाइन माध्यम से अथवा अपने बीएलओ के सहयोग से ऑफलाइन जमा कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, बीएलओ और आम नागरिकों से इस अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया है।


