रांची: झारखंड सरकार की मंत्री और कांग्रेस विधायक दीपिका पांडे सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गुरुवार तड़के जमशेदपुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में उनकी बेटी तृषा सिंह का निधन हो गया। इस हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई। मिली जानकारी के अनुसार जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव इलाके में गुरुवार सुबह करीब 3 बजे यह दर्दनाक दुर्घटना हुई। हादसे में तृषा सिंह समेत चार युवाओं की मौत हो गई। मृतकों में दो युवक और दो युवतियां शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि सभी लोग पश्चिम बंगाल से लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक
हादसे की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में उनकी सहयोगी मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी और अन्य लोगों के निधन की सूचना बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी संतान को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने दीपिका पांडे सिंह और अन्य शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी व्यक्त की संवेदना
झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से हादसे पर शोक जताया। उन्होंने लिखा कि यह बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि उन्हें आज सुबह जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी के निधन की सूचना मिली है। इरफान अंसारी ने कहा कि इस असहनीय दुख की घड़ी में वह दीपिका पांडे सिंह और उनके पूरे परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि एक मां के लिए अपनी संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान मिले और शोकाकुल परिवार को इस गहरे दुख को सहने की शक्ति प्राप्त हो।


