
डेस्क : जून महीने की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में अगर आपको इस महीने बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो अभी से उसकी तैयारी कर लें। RBI कैलेंडर के मुताबिक जून में अलग-अलग राज्यों में त्योहारों, रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार को मिलाकर कुल 11 दिनों तक बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में चेकबुक, पासबुक अपडेट, लोन से जुड़े काम या अन्य शाखा संबंधी जरूरी कार्य समय रहते पूरा कर लेना बेहतर रहेगा।
अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग तारीखों पर रहेगी छुट्टी
जून महीने में 7, 14, 21 और 28 जून को रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। वहीं दूसरे और चौथे शनिवार यानी 13 और 27 जून को भी बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा। इसके अलावा 15 जून को राजा संक्रांति और YMA दिवस के अवसर पर ओडिशा और मिजोरम में बैंक बंद रहेंगे। 25 और 26 जून को मुहर्रम के कारण कई राज्यों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी और शाखाएं बंद रहेंगी। महीने के आखिर में भी कुछ राज्यों में छुट्टियां रहेंगी। 29 जून को संत गुरु कबीर जयंती के अवसर पर हिमाचल प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे, जबकि 30 जून को रेमना नि के मौके पर मिजोरम में बैंक अवकाश रहेगा।
डिजिटल सेवाएं रहेंगी जारी
हालांकि बैंक शाखाओं में छुट्टी रहने के बावजूद ग्राहकों को ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। यूपीआई, नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम जैसी डिजिटल बैंकिंग सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। ग्राहक ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने, बिल भुगतान करने और अन्य जरूरी बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल आसानी से कर सकेंगे। फिर भी जिन कामों के लिए बैंक शाखा में जाना जरूरी है, उन्हें छुट्टियों से पहले ही पूरा कर लेना समझदारी होगी।

