
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को राजधानी रांची की यातायात व्यवस्था का जमीनी हाल जानने के लिए बिना वीवीआईपी काफिले के आम नागरिक की तरह सड़कों पर निकल पड़े। वे अपने कांके रोड स्थित आवास से बिना किसी विशेष तामझाम के शहर का निरीक्षण करने निकले और अलग-अलग इलाकों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, आम लोगों की आवाजाही और सड़कों की स्थिति को करीब से देखा। इसी दौरान वे कांटाटोली चौक पहुंचे, जहां जाम और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की।
मुख्यमंत्री खुद वाहन से उतरकर मौके पर स्थिति देखने लगे। उन्होंने वहां मौजूद यातायात पुलिस अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई करने, जाम की समस्या कम करने और आम लोगों को सुगम यातायात उपलब्ध कराने के लिए तुरंत कदम उठाने को कहा।
मुख्यमंत्री के अचानक निरीक्षण की खबर मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। अधिकारी तुरंत हरकत में आए और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने में जुट गए। बिना किसी कारकेड और पूर्व सूचना के हुए इस दौरे ने प्रशासन को पूरी तरह चौकन्ना कर दिया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले भी कई बार इस तरह अचानक दौरे कर जमीनी हकीकत का जायजा लेते रहे हैं।

