
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत पहले मंत्रिमंडल का सोमवार को विस्तार होगा और 35 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल आर. एन. रवि यहां लोक भवन में पूर्वाह्न 11 बजे उन्हें शपथ दिलाएंगे। शुभेंदु ने रविवार शाम सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था, ”पश्चिम बंगाल की जनता द्वारा चुनी गई राष्ट्रवादी सरकार की पूर्ण मंत्रिपरिषद का कल गठन होगा।”
उन्होंने कहा था, ”मंत्रिमंडल विस्तार के तहत पश्चिम बंगाल सरकार के 35 मंत्री पूर्वाह्न 11 बजे लोक भवन में शपथ लेंगे। राज्यपाल आर. एन. रवि लोक भवन में उन्हें पद की शपथ दिलाएंगे।” मंत्रिपरिषद में 35 विधायकों को शामिल किए जाने के बाद मंत्रियों की कुल संख्या 41 हो जाएगी जो 294 सदस्यीय विधानसभा में किसी सरकार के लिए मंत्रियों की अधिकतम संख्या से तीन कम है।
छह सदस्यीय मौजूदा मंत्रिमंडल भाजपा के सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन के प्रयास को दर्शाता है जिसमें ब्राह्मण, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), आदिवासी, मतुआ और राजबंशी समुदायों को प्रतिनिधित्व दिया गया है।

