
राज्य में ही साइकिल इंडस्ट्री स्थापित करने का प्लान सौंपे
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उपस्थित अधिकारियों से सीएम ने कहा कि वे अगले साल साइकिल वितरण से पहले कल्याण विभाग, उद्योग और शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर राज्य में ही साइकिल इंडस्ट्री स्थापित करने की तरफ प्लान सौंपे। दिव्यांग छात्र-छात्राओं को साइकिल दी जानी जरूरी है ऐसे में उन्हें ट्राई साइकिल प्रदान करने के लिए प्रपोजल सबमिट करें। इसी तरह उन्होंने मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना (CMEGP) योजना का मूल्यांकन करते हुए आगे की कार्ययोजना समर्पित करने का निर्देश दिया गया। योजना के कुछ लाभुकों से भी उनकी ऑनलाइन बात हुई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कल्याण विभाग अंतर्गत हॉस्टल्स की अद्यतन स्थिति दें। रांची, पलामू सहित विभिन्न जगह बन रहे हॉस्टल्स की गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय सीमा के अंदर निर्माण पूरा करवाएं।
इस काम में ढिलाई किसी भी हालात में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कल्याण विभाग के स्कूलों में बच्चों को SIR और CENSUS से जुड़े विषयों पर जानकारी देने के लिए अभियान चलाए जिससे कि वह अपने माता-पिता को इनके बारे में भी अवगत करा सकें। यही काम शिक्षा विभाग भी अपने सभी स्कूलों में करने का काम करें। कल्याण विभाग के स्कूलों में जिला और राज्य स्तरीय इंटर स्कूल स्पोर्ट्स कम्पटीशन आयोजित करने का काम करें, जो हर साल आयोजित होते रहे। आश्रम स्कूलों को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की तर्ज पर विकसित करने का प्लान सबमिट करें। कल्याण विभाग अंतर्गत अस्पतालों की व्यवस्था को सुधारने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ प्लान बनाकर सबमिट करें। वन अधिकार पट्टा की अभी की स्थिति बिलकुल बर्दाश्त नहीं है।
अबुआ बीर अबुआ दिशोम अभियान में वन विभाग के साथ सामंजस्य बना कर अभियान में तेजी लाने का काम करें। कल्याण गुरुकुल के अंतर्गत जितने युवाओं को कौशल प्रशिक्षण आज तक मिला है, वह युवा अभी कहां काम कर रहे हैं उन सभी का आंकड़ा विभाग देने का काम करें। कल्याण विभाग अंतर्गत नर्सिंग स्कूलों में युवतियों के साथ-साथ युवकों को भी कोर्स से जोड़ने का काम करें। कल्याण विभाग एक ड्राइविंग इंस्टीट्यूट खोलने का प्रपोजल भी सबमिट करें।


