
रांची: मारवाड़ी कॉलेज में बीसीए पाठ्यक्रम को बंद करने के प्रस्ताव/निर्णय को लेकर विरोध तेज हो गया है। आजसू छात्र संघ ने इस फैसले के खिलाफ रांची विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (DSW) को ज्ञापन सौंपा है। आजसू छात्र संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने DSW को इस मामले से अवगत कराते हुए कहा कि मारवाड़ी कॉलेज में बीसीए पाठ्यक्रम लंबे समय से सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। इस कोर्स के जरिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सूचना प्रौद्योगिकी और कंप्यूटर शिक्षा हासिल कर रहे हैं।
छात्रों के भविष्य पर असर की आशंका
छात्र संघ ने इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि आज के समय में आईटी और कंप्यूटर शिक्षा की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बीसीए जैसे महत्वपूर्ण व्यावसायिक कोर्स को बंद करना छात्रों के हितों के खिलाफ होगा। संघ का कहना है कि इस फैसले से हजारों छात्रों के भविष्य पर असर पड़ेगा, खासकर उन विद्यार्थियों पर जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आते हैं और इसी कोर्स के जरिए तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
निर्णय वापस लेने की मांग
आजसू छात्र संघ ने मांग की है कि मारवाड़ी कॉलेज में बीसीए कोर्स बंद करने के किसी भी प्रस्ताव को तुरंत वापस लिया जाए। साथ ही आगामी सत्रों में नियमित रूप से नामांकन और पढ़ाई जारी रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रों के हितों की अनदेखी कर यह निर्णय लागू किया गया, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन और व्यापक विरोध प्रदर्शन करेंगे। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव सौरभ शर्मा, राजेश सिंह, सक्षम झा, अब्दुल खान समेत अन्य सदस्य शामिल थे।

