
Godda Railway Station: मालदा मंडल के एडीआरएम अमरेंद्र कुमार मौर्य ने गुरुवार को गोड्डा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन वॉशिंग पिट और स्टेशन पर चल रहे सुरक्षा संबंधी कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने कहा कि वर्तमान में वॉशिंग पिट की सुविधा नहीं होने के कारण गोड्डा से संचालित लंबी दूरी की दो ट्रेनों को रखरखाव के लिए भागलपुर भेजना पड़ता है। उन्होंने बताया कि वॉशिंग पिट का निर्माण कार्य अगले एक माह में पूरा हो जाएगा। इसके तैयार होने के बाद गोड्डा से नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता साफ होगा।
उन्होंने यात्रियों की उस समस्या को भी स्वीकार किया जिसमें सुबह गोड्डा से यात्रा करने वाले लोगों को दुमका, देवघर और जसीडीह जाने के लिए उपयुक्त ट्रेन कनेक्टिविटी नहीं मिल पाती है। एडीआरएम ने कहा कि हंसडीहा से भागलपुर के लिए सुबह 10 बजे के बाद कई घंटों तक कोई ट्रेन उपलब्ध नहीं रहती, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। शिकायत मिलने पर इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 2 पर लिफ्ट लगाने की योजना पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा एडीआरएम ने अदानी पावर प्लांट की कोयला ढुलाई से जुड़ी एमजीआर रेलवे लाइन का भी निरीक्षण किया।
एडीआरएम के दौरे से गोड्डा स्टेशन के विकास कार्यों में तेजी आने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

