
Pakur News : पाकुड़ जिले में गुरुवार दोपहर तेज आंधी, ओलावृष्टि और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सदर प्रखंड के लोटामारा गांव में कुछ बच्चे पेड़ के नीचे खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक हुई वज्रपात की घटना में 13 वर्षीय छिते टुडू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 16 वर्षीय श्याम किस्कु और रसीला मुर्मू घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
उधर, महेशपुर प्रखंड के दमदमा गांव में आम के बगीचे में काम कर रहे 35 वर्षीय माधव राजवंशी की भी वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आंधी के कारण जिले के कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे यातायात और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई कच्चे मकानों की छतें उड़ गईं, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ। मालपहाड़ी रोड समेत कई मार्गों पर घंटों आवागमन प्रभावित रहा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने संबंधित विभागों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। प्रशासनिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर गिरे पेड़ और खंभों को हटाया तथा सड़क यातायात को बहाल कराया।
तेज आंधी और ओलावृष्टि से आम और लीची की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों ने फलों के बागानों में व्यापक क्षति की शिकायत की है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों और किसानों से आवश्यक दस्तावेज जमा कराने को कहा है, ताकि उन्हें जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।

