मानगो के बड़े नालों की सफाई का काम सोमवार से शुरु होगा

मानगो में सोमवार से बड़े नालों की सफाई शुरू होगी, गौड़ बस्ती की जलापूर्ति समय बदलेगा और विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल व स्ट्रीट लाइट समस्याओं के समाधान की पहल हुई।

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

टीम सरयू से बातचीत में अपर नगर आयुक्त ने दी जानकारी

जमशेदपुर : अपर नगर आयुक्त जीतेंद्र कुमार यादव ने कहा है कि सोमवार से मानगो के बड़े नालों की साफ-सफाई शुरु कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि गौड़ बस्ती में जलापूर्ति का वक्त बदलेगा। फिलहाल वहां रात में 12 बजे से जलापूर्ति की जाती है। अपर नगर आयुक्त ने कहा कि पेयजलापूर्ति की टाइमिंग बदलेगी और इस संबंध में उन्होंने अपने अधीनस्थों को निर्देशित भी कर दिया। वह अपने कार्यालय में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा समेत पप्पू सिंह, संतोष भगत, पिंटू सिंह, प्रवीण सिंह और वीरू सिंह से मुखातिब थे। गौरतलब है कि गौड़ बस्ती में रात्रि 12 बजे से जलापूर्ति करने और उससे लोगों को हो रही समस्या के मद्देनजर विधायक सरयू राय ने इस विषय को विधानसभा में भी उठाया था।
शनिवार को मुकुल मिश्रा ने अपर नगर आयुक्त से आस्था स्पेस टाउन में बाइपास की व्यवस्था अविलंब शुरु करने की बात रखी। श्री मिश्रा ने उन्हें बताया कि इससे शंकोसाईं, सुभाष कालोनी एवं कालिका नगर क्षेत्र में पेयजलापूर्ति संबंधित समस्या का काफी हद तक समाधान हो जाएगा। क्योंकि इन क्षेत्रों में जो अभी 40 मिनट की जलापूर्ति होती है, वहां अतिरिक्त एक घंटे जलापूर्ति होगी। इस पर अपर नगर आयुक्त ने सहायक अभियंता को निर्देशित किया कि उक्त लाइन को जल्द से जल्द चालू किया जाए। कोई कमी हो तो फाइल उन्हें दी जाए। वह तत्काल आदेश करेंगे।
श्री मिश्रा ने अपर नगर आयुक्त को बताया कि 351 नई स्ट्रीट लाइटें लाई गई हैं। इनका क्षेत्र में अविलंब वितरण किया जाए। उन्होंने श्री यादव को यह भी बताया कि कोई जनप्रतिनिधि हैं, जिनके पति अफसरों को हड़का रहे हैं कि जब तक वह नहीं बोलेंगे, तब तक एक भी लाइट कहीं नहीं लगनी चाहिए। श्री मिश्रा ने अपर नगर आयुक्त से दो टूक कहा कि ऐसी गुंडागर्दी नहीं चलेगी। अफसरों को स्वविवेक से फैसला करना चाहिए कि लाइट की जरूरत कहां है, वहां लाइट लगाई जाए। अन्यथा हम लोग भी लोकतांत्रिक तरीके से इस गुंडई का पुरजोर विरोध करेंगे।

Share This Article