
धनबाद : धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र के गलफरबाड़ी ओपी अंतर्गत दूधिया पानी गांव में कोयला चोरी का विरोध करना ग्रामीणों को भारी पड़ गया। आरोप है कि शनिवार को कोयला चोरी के खिलाफ आवाज उठाने वाले कुछ महिला और पुरुषों को कथित कोयला चोरों ने निशाना बनाया। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही आरोपित लोगों ने उनके घरों में घुसकर हमला कर दिया। इस घटना में एक बच्चे सहित कई लोग घायल हो गए।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। लोगों में डर और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयला चोरी का कारोबार चल रहा है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है।
घटना के बाद देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण गलफरबाड़ी ओपी पहुंचे और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि कोयला चोरी का विरोध करने वालों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र की सभी खदानों के सामने व्यापक आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

