
Ambulance Service: तोरपा विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टाउन हॉल में एंबुलेंस एवं शव वाहन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत विधायक मद से उपलब्ध कराए गए 7 एंबुलेंस और 3 शव वाहनों को तोरपा, रनिया, बानो और कर्रा प्रखंडों के लिए समर्पित किया गया। इस अवसर पर विधायक Sudeep Guria, झारखंड मुक्ति मोर्चा खूंटी जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद सहित कई जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विधायक सुदीप गुरिया ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि तोरपा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, जहां जंगल और पहाड़ी इलाके अधिक हैं, वहां समय पर एंबुलेंस उपलब्ध न होने से मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि इन एंबुलेंस और शव वाहनों के माध्यम से न केवल गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में परिजनों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि राज्य सरकार और जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और आपात स्थिति में बेहतर सहायता सुनिश्चित हो सकेगी।
कार्यक्रम में झामुमो महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुशांति कोनगाड़ी, बुद्धिजीवी मोर्चा अध्यक्ष विरेन कंडुलना, विधायक प्रतिनिधि जगदीश बागे सहित कई नेताओं ने भी अपने विचार रखे और इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मंच संचालन युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रोबिन तोपनो ने दिया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

