‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक जल्द बुलाएंगे, मतभेद दूर करने का प्रयास होगा: शरद पवार

शरद पवार ने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेताओं की जल्द बैठक होगी, जिसमें मतभेद दूर करने और विपक्षी एकता मजबूत करने पर चर्चा की जाएगी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पुणे: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार ने सोमवार को कहा कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रमुख नेताओं की एक बैठक जल्द बुलाई जाएगी, जिसमें मतभेदों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। पवार ने बारामती में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के घटक दलों की दिल्ली में आज एक समीक्षा बैठक जारी है, जिसमें सभी दलों से कोई भी कठोर कदम न उठाने की अपील की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘हाल के चुनावों में ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दल कुछ स्थानों पर साथ लड़े और कुछ जगह अलग-अलग। चुनावों के बाद द्रमुक, जो इस गठबंधन का हिस्सा है, यह संकेत दे रही है कि वह अलग हो सकती है।’’

पवार ने कहा, ‘‘ऐसी स्थिति को देखते हुए हम अगले आठ से 15 दिनों में गठबंधन के प्रमुख नेताओं की एक बैठक बुलाएंगे और समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। मुझे विश्वास है कि समाधान निकल आएगा।’’ उन्होंने कहा कि सोमवार को दिल्ली में हो रही बैठक मुख्य रूप से समीक्षा बैठक है और इसमें यह अपील की जाएगी कि कोई भी घटक दल कोई कठोर कदम न उठाए। राकांपा (शरद चंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले पार्टी की ओर से इस बैठक में हिस्सा ले रही हैं।

पवार ने कहा कि आज की चर्चाओं के परिणाम के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि निकट भविष्य में कोई बड़ा चुनाव नहीं है, इसलिए समय रहते मतभेदों को सुलझाया जा सकता है। दिल्ली में ‘इंडिया’ गठबंधन के शीर्ष नेताओं की बैठक का उद्देश्य भाजपा का मुकाबला करने के लिए साझा रणनीति तैयार करना और हाल के चुनावों में क्षेत्रीय दलों के प्रदर्शन के बाद उभरे मतभेदों को दूर करना है। यह बैठक 2024 लोकसभा चुनाव के बाद पहली बड़ी संयुक्त बैठक मानी जा रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।