
Baghmara News : बाघमारा थाना क्षेत्र में एक आउटसोर्सिंग कंपनी की मशीन से डीजल चोरी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। दोनों आरोपियों को कंपनी के सुरक्षाकर्मियों ने चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया था, जिसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना बीसीसीएल ब्लॉक-दो क्षेत्र के नदखुरकी पैच में संचालित खेमका करियर आउटसोर्सिंग कंपनी के कोयला फेस की है। रविवार की अहले सुबह दो युवक वहां खड़ी हुंडई 360 एस्कावेटर मशीन से पाइप के जरिए डीजल निकाल रहे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों की नजर उन पर पड़ गई और उन्होंने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाघमारा थाना क्षेत्र के सिदपोकी निवासी राजेश गोप उर्फ मुसु गोप (30) और मधुबन थाना क्षेत्र के खिलानधौड़ा निवासी कुशल कुमार दास उर्फ खुशाल कुमार (26) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चार गैलन, जिनमें करीब 30 लीटर डीजल भरा हुआ था, दो खाली गैलन, छह मीटर लंबा प्लास्टिक पाइप तथा चोरी में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई।
मामले में खेमका करियर आउटसोर्सिंग कंपनी के परियोजना प्रबंधक संजय ठाकुर की लिखित शिकायत पर बाघमारा थाना में कांड संख्या 86/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

