
सरयू राय ने मानगो के 1 लाख लोगों को दी नए सरकारी हेल्थ सेंटर की सौगात
जमशेदपुर : मानगो के जाकिर नगर और ओल्ड पुरुलिया रोड क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से जिस सरकारी स्वास्थ्य केंद्र की मांग की जा रही थी, वह अब शुरू हो चुका है। इसके खुलने से आसपास के करीब एक लाख लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं घर के नजदीक ही मिल सकेंगी। मंगलवार को जाकिर नगर रोड संख्या-18 स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन विधायक सरयू राय, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार और सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने संयुक्त रूप से किया। अब क्षेत्र के लोगों को सामान्य इलाज, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच, बुजुर्गों की स्वास्थ्य सेवाएं और कई अन्य सुविधाओं के लिए दूर स्थित बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
अधिकारियों के अनुसार, इस इलाके में पहले कोई सरकारी स्वास्थ्य केंद्र नहीं था, जिसके कारण लोगों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल या सदर अस्पताल जाना पड़ता था। नए केंद्र के शुरू होने से समय और खर्च दोनों की बचत होगी। साथ ही कपाली और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि केंद्र में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ओपीडी सेवा उपलब्ध रहेगी। यहां सामान्य उपचार, जरूरी दवाओं का वितरण, गर्भवती महिलाओं की जांच, गैर-संचारी रोगों की जांच एवं उपचार जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। बच्चों के टीकाकरण की व्यवस्था हर गुरुवार और शनिवार को होगी।
स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
विधायक सरयू राय ने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा और बड़े अस्पतालों पर मरीजों का दबाव भी कम होगा।

